कीनिया में होटल पर हुए हमले में मारे गए लोगों की संख्या 21 हुई

कीनिया सरकार ने नैरोबी के वेस्टलैंड्स इलाक़े में स्थित लग्जरी होटल डुस्टीडी-2 पर हुए चरमपंथी हमले में मृतकों की पुष्टि की है.

इस हमले में मारे गए लोगों में एक अमरीकी नागरिक जेसन स्पिंडलर भी शामिल हैं.

उनके भाई जोनाथन ने ट्वीट कर बताया कि जेसन 2001 में न्यूयॉर्क में हुए 9/11 हमले में बच गये थे.

एनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में उनकी मां सारा स्पिंडलर ने कहा, "उनका बेटा तीसरी दुनिया के उभरते बाज़ारों में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश कर रहा था."

हमले में घायल 28 लोगों का नैरोबी के अस्पताल में इलाज चल रहा है. कीनिया की रेड क्रास ने कहा है कि 19 लोग अभी भी लापता हैं.

कीनिया के राष्ट्रपति उहुरू केन्याटा ने कहा है कि राजधानी नैरोबी में एक आलीशान होटल पर संदिग्ध चरमपंथियों का कब्ज़ा समाप्त हो गया है और हमलावरों को 'मिटा दिया गया है'.

उन्होंने टीवी पर दिए अपने संदेश में कहा, "वो हर व्यक्ति जो इस जघन्य अपराध के वित्तपोषण और इसे अमल में लाने की योजना में शामिल था, उसे ढूंढ निकाला जाएगा."

मंगलवार को कुछ बंदूकधारियों ने शहर के वेस्टलैंड्स इलाक़े में स्थित इस होटल और यहां के दफ़्तरों पर धावा बोला था. हमलावरों के कब्जे से इलाके को मुक्त कराने में सुरक्षाकर्मियों को क़रीब 19 घंटे का वक्त लगा.

इस हमले की ज़िम्मेदारी सोमालिया के चरमपंथी समूह अल-शबाब ने ली है. अक्तूबर 2011 में सोमालिया में जिहादी समूह से लड़ने के लिए अपनी सेना भेजने के बाद से ही कीनिया अल-शबाब के टारगेट पर है.

नैरोबी से बीबीसी संवाददाता एंड्रयू हार्डिंग ने बताया, "सुबह तक आ रही छिटपुट गोलीबारी और विस्फोट की आवाज़ों के बीच मंगलवार रात भर सुरक्षाबल डरे सहमे नागरिकों के समूहों को इलाके से सुरक्षित निकालने में जुटे रहे, कई लोगों ने अपने दफ़्तरों या बाथरूम में छिपकर घंटों बिताए."

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक बुधवार को पुलिस छापे में हमले से जुड़े दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, अल-शबाब ने एक बयान जारी कर इस हमले को अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के येरुशलम को इसराइल की राजधानी के रूप में मान्यता देने के फ़ैसले का जवाब बताया.

येरुशलम इस्लाम, यहूदी और ईसाई धर्म का एक पवित्र शहर है- और इसराइल पूरे येरूशलम को अपनी अविभाज्य राजधानी मानता है, तो फ़लस्तीनी शहर के पूर्वी हिस्से को अपने भविष्य की राजधानी के रूप में दावा करते हैं.

ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने बताया कि इस हमले में दोहरी राष्ट्रीयता रखने वाले ब्रिटिश ल्यूक पोटर की भी मौत हो गई है, वहीं एक अन्य ब्रिटिश नागरिक घायल हुए हैं.

कोबरा के नाम से मशहूर कीनियाई जेम्स ओडोर की भी इस हमले में मौत हो गई है. उन्हें फ़ुटबॉल की उनकी दीवानगी के लिए पसंद किया जाता था. इस हमले में फंसे होने के बावजूद जेम्स लगातार ट्वीट कर रहे थे.

ये हमला स्थानीय समयानुसार दोपहर तीन बजे शुरू हुआ. बंदूकधारियों ने इमारत में प्रवेश से पहले कार पर्किंग में बम फेंके. कीनिया के चीफ़ पुलिस जोसेफ़ बोइनेट ने बताया कि यहां हमलावरों में से एक ने खुद को बम के साथ उड़ा लिया.

पास की इमारत में काम करने वाली एक महिला ने समाचार एजेंसी रायटर्स से कहा, "मैंने गोलियां चलने की आवाज़ सुनी, फिर हाथ ऊपर उठाए लोगों को भागते हुए देखा, कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए बैंक में घुस रहे थे."

Comments

Popular posts from this blog

Обсерватория Джодрелл-Бэнк получила статус объекта

Принцу Джорджу шесть лет. Новые фотографии маленького принца

أساسيات ينبغي أن تعلّمها الأم لطفلها قبل بلوغه مرحلة المراهقة