पुजारा, कोहली की बदौलत बना सिरीज़ का सबसे बड़ा स्कोर

चेतेश्वर पुजारा की शतकीय, कप्तान विराट कोहली, मयंक अग्रवाल और रोहित शर्मा की अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ बॉर्डर-गावस्कर सिरीज़ के मेलबर्न टेस्ट में 443 रन बनाकर पारी घोषित कर दिया है.

भारतीय पारी में चेतेश्वर पुजारा ने 106 रन, विराट कोहली ने 82 रन, मयंक अग्रवाल ने 76, रोहित शर्मा ने नाबाद 63, ऋषभ पंत ने 39, अजिंक्य रहाणे ने 34, हनुमा विहारी ने 08 और रविंद्र जडेजा ने 04 रन बनाए.

इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिना किसी नुकसान आठ रन बना लिये.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले दिन दो विकेट पर 215 रन बनाए थे. गुरुवार को मैच के दूसरे दिन कप्तान कोहली और चेतेश्वर पुजारा ने पारी आगे बढ़ाई.

19वें ओवर में हनुमा विहारी के आउट होने के बाद खेलने आए पुजारा ने 114वें ओवर की पहली गेंद पर चौके के साथ अपना 17वां टेस्ट शतक पूरा किया और अंत में 106 रन (319 गेंद) बनाकर आउट हुए.

पुजारा ने 100 रन बनाने में 280 गेंदों का सामना किया जो गेंदों के लिहाज से उनका सबसे धीमा शतक भी है.

यह पुजारा का इस सिरीज़ में दूसरा और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ चौथा शतक है.

इससे पहले एडिलेड टेस्ट में भी उन्होंने 123 रनों की पारी खेलकर भारत की जीत में अहम किरदार निभाया था.

यह पहली बार है जब भारतीय उपमहाद्वीप से बाहर चेतेश्वर पुजारा ने एक ही सिरीज़ में दो शतक जड़े हैं.

गांगुली छूटे पीछे, लक्ष्मण के साथ हुए पुजारा

इसके साथ ही पुजारा जहां दिलीप वेंगसरकर, वीवीएस लक्ष्मण, मार्टिन क्रो, एडम गिलक्रिस्ट, डेनिस क्रॉम्पटन जैसे बल्लेबाज़ों के साथ 17 टेस्ट सेंचुरी क्लब में आ गए हैं वहीं उन्होंने सौरव गांगुली, हर्बर्ट सटक्लिफ़, तिलकरत्ने दिलशान, माइकल अथर्टन, रिची रिचर्ड्सन जैसे बल्लेबाज़ों को पीछे छोड़ दिया है.

इस दौरान पुजारा पहली जनवरी 2017 के बाद से टेस्ट क्रिकेट में 4000 गेंदों का सामना करने वाले खिलाड़ी भी बने.

पुजारा के शतक बनाने के आठ ओवर बाद कप्तान विराट कोहली 82 रन (204 गेंदों पर) बनाकर आउट हो गए. कोहली ने अपनी पारी में 9 चौके जड़े. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 170 रनों की साझेदारी हुई.

धीमा शतक
चेतेश्वर पुजारा का 280 गेंदों पर लगाया का यह शतक ऑस्ट्रेलिया में बनाया गया किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ का तीसरा सबसे धीमा शतक है.

यहां सबसे धीमा शतक जड़ने का रिकॉर्ड टीम के कोच रवि शास्त्री के नाम है. उन्होंने 1992 में सिडनी टेस्ट में 307 गेंदों में शतक जड़ा था.

इसके बाद सुनील गावस्कर दूसरे नंबर पर हैं, उन्होंने 286 गेंद पर शतक लगाया था.

इतना ही नहीं, बॉक्सिंग डे टेस्ट में शतक जड़ने वाले पुजारा पांचवें भारतीय बल्लेबाज़ हैं. बॉक्सिंग डे टेस्ट में पहली बार सचिन तेंदुलकर ने 1999 में शतक बनाया था. उनके बाद सहवाग ने 2003 में 195 रन की पारी खेली.

इसके बाद 2014 में विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने एक साथ बॉक्सिंग डे टेस्ट में शतक जड़े. कोहली ने 169 और रहाणे ने 147 रन की पारी खेली थी.

Comments

Popular posts from this blog

北京检方依法对孙文斌故意杀害医生案提起公诉

肺炎疫情:“发哨人”引发反审查战,中国人用创意接力反击

Unerwarteter Ärger mit dem Eigenheim